सेना की बंगाल इंजीनियर बटालियन में तैनात टनकपुर थ्वालखेड़ा निवासी जवान हरीश चंद्र जोशी (32) का शुक्रवार को दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह डेढ़ साल से बीमार थे। शनिवार सुबह शारदा घाट में सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। जवान हरीश का एक बेटा और एक बेटी है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक जवान वर्तमान में जम्मू के उधमपुर में तैनात था। बीमार होने से करीब डेढ़ साल से दिल्ली में जवान का उपचार चल रहा था। शुक्रवार को जवान का निधन हो गया। दिल्ली से शनिवार सुबह सैनिक का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
शारदा घाट में सैन्य सम्मान के साथ जवान की अंत्येष्टि की गई। बनबसा में तैनात सिख रेजिमेंट के सूबेदार बलवीर सिंह के नेतृत्व में सेना के जवानों ने सैनिक को शस्त्र सलामी दी। काफी संख्या में लोगों ने सैनिक की शव यात्रा में शामिल होकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।