पांचवीं कक्षा के छात्र का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी 11वीं कक्षा के छात्र को संस्थान ने निष्कासित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच चाइल्ड राइट्स प्रोटेक्शन कमेटी को सौंप दी है। सीनियर छात्र की हरकतों का शिकार बने अन्य पीड़ित छात्रों को भी चिह्नित कर लिया गया है। दो सितंबर की रात राजपुर रोड स्थित एक संस्थान में 11वीं कक्षा के छात्र ने पांचवीं कक्षा के छात्र से दुष्कर्म किया था। कुछ दिन बाद छात्र ने प्रधानाचार्य से इसकी शिकायत की, जिसके बाद राजपुर पुलिस को जानकारी दी गई।
पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया कि वह पहले भी चार अन्य छात्रों के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। यह जानकारी सामने आने के बाद सोमवार को संस्थान के निदेशक ने पूरे स्टाफ की बैठक ली। उन्होंने हॉस्टल के दोनों प्रशासनिक वार्डन को हटाने के निर्देश दिए। उनके स्थान पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों को वार्डन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, इस घटना के बाद अब चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्रों को भी अलग हॉस्टल में रखने का फैसला लिया गया है। अब तक तीसरी कक्षा के छात्रों को अलग हॉस्टल में रखा जाता था। साथ ही सीनियर छात्रों के इन हॉस्टल में आने-जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।