दून का एक और वीर जवान सरहद पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। पुरोहितवाला निवासी लांस नायक शिव शंकर क्षेत्री कुपवाड़ा में पेट्रोलिंग के दौरान एक हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। शहीद का पार्थिव शरीर देर शाम मिलिट्री हॉस्पिटल गढ़ी कैंट पहुंचा। शनिवार को सैन्य सम्मान के साथ टपकेश्वर में उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।
लांस नायक शिव शंकर 4/4 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। शहीद के पिता पूर्व ऑनररी कैप्टन चंद्रबहादुर क्षेत्री ने बताया कि बेटे के शहीद होने की सूचना उन्हें गुरुवार को दी गई। सेना की ओर से शंकर के साथ हुए हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। इतना बताया कि 30 अगस्त की रात पेट्रोलिंग के दौरान वह गिरकर घायल हो गए थे।
कुपवाड़ा में एक सीमांत क्षेत्र की पेट्रोलिंग के लिए दल गया था जब यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल होने के बाद शंकर को तुरंत जम्मू में सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शहीद की मौत की खबर सुनने के बाद से उनकी पत्नी रितु क्षेत्री का बुरा हाल है। उनके दो बेटे कार्तिक और गौरव को इसकी जानकारी नहीं दी गई है।