केंद्रीय भूतल, सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर बीएस-4 मॉडल की गाड़ियों के पंजीकरण को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारी आरटीओ कार्यालय में तो पहुंच गए लेकिन सर्वर में आई खराबी के चलते एक भी गाड़ी का पंजीकरण नहीं हो पाया।
अधिकारियों ने इसकी जानकारी एनआईसी अधिकारियों को दी एनआईसी ने कई घंटे की मशक्कत के बाद सर्वर में आई खामियों को दूर किया। एआरटीओ (प्रशासन) द्वारका प्रसाद ने बताया कि खराबी को दूर कर लिया गया है। अब शुक्रवार से पंजीकरण किया जाएगा।
बता दें कि लॉकडाउन के चलते बीएस-4 मानक की लाखों गाड़ियों का पंजीकरण नहीं हो पाया है। जबकि इन गाड़ियों का 31 मार्च तक पंजीकरण होना था, लेकिन 30 मार्च के पहले ही कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए केंद्र सरकार ने लॉकडाउन लागू कर दिया। जिसकी वजह से गाड़ियों का पंजीकरण नहीं हो पाया।
आखिरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार ने गाड़ियों के पंजीकरण को लेकर 30 अप्रैल तक की मोहलत दे दी थी, लेकिन लॉकडाउन बढ़ाए जाने के चलते गाड़ियों का पंजीकरण दोबारा नहीं हो पाया। फिलहाल सरकार ने लॉकडाउन के बीच परिवहन अधिकारियों को छूट देते हुए कहा कि वे बीएस-4 मॉडल गाड़ियों का पंजीकरण 30 अप्रैल तक कर सकते हैं जिसके लिए कार्यालयों को खोलने की छूट दे दी गई।
सरकार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को आरटीओ कार्यालय भी खुला। गाड़ियों के पंजीकरण करने वाले अधिकारी कर्मचारी भी पहुंच गए, लेकिन सर्वर में आई खराबी के चलते गाड़ियों का पंजीकरण नहीं हो पाया। एआरटीओ प्रशासन द्वारिका प्रसाद ने बताया कि सर्वर में खराबी कारण पंजीकरण नहीं हो पाया। इस खराबी को दूर कर लिया गया है। शुक्रवार से गाड़ियों का पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा।