पटेलनगर में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे लाखों रुपये लूटने के मामले में पुलिस को दो और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। दोनों घटना के बाद से फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा भी बरामद किया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इस मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। राजेश की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस ने नौ नवंबर को तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से लूट के 1.50 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिद्धांत बडोनी (24) निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला और दीपक सिंह शेखावत (25) निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक को गुप्तकाशी से गिरफ्तार कर लिया। सिद्धांत के कब्जे से 40 हजार और दीपक से 42 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनके कब्जे से कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।