भाई-बहन के प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन के पावन त्योहार के मौके पर राजधानी देहरादून में जमकर बदरा बरसे। सुबह करीब साढ़े दस बजे शहर के पटेल नगर क्षेत्र में हुई तेज बारिश से सड़कें तालाब में बदल गईं।
राजधानी में रुक-रुक कर कभी बारिश तो कभी धूप का सिलसिला जारी रहा। वहीं कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में तेज बारिश की वजह से कहीं-कहीं जल भराव की स्थिति बन गई।
वहीं बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में सोमवार को भी बंद रहा। चमोली जिले में भी सुबह से भारी बारिश होती रही। हाईवे पर करीब 200 यात्री मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। जबकि जोशीमठ और पांडुकेश्वर में करीब 150 यात्री बदरीनाथ जाने के लिए ठहरे हुए हैं।
वहीं हेमकुंड यात्रा सहित चारधाम यात्रा के अन्य मार्ग सुचारू हैं। कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश से लोग दहशत में हैं।