क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर चौक पर रविवार शाम ट्रक और बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और आठ वर्षीय बेटा घायल हो गए। तीनों बाइक पर सवार थे। घायलों को इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के पीछे ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:20 बजे 112 के माध्यम से सुभाष नगर चौक पर ट्रक और बाइक की टक्कर की सूचना मिली। इस पर क्लेमेंटटाउन थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को निजी वाहन से इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मंजू (32) पत्नी सरबजीत निवासी बड़ोवाला, थाना बुग्गावाला, हरिद्वार की मौत हो गई। हादसे में उनके पति सरबजीत (35) और आठ वर्षीय बेटे जसकरण को मामूली चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: शराब पीकर वाहन चलाने पर 17 गिरफ्तार, 109 को पूछताछ के लिए थाने लाया गया
पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मृतका और घायलों के परिजनों को दे दी गई थी। परिजन अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना में शामिल ट्रक संख्या यूके 12 सीए 0590 और बाइक संख्या यूके 07 बीडब्ल्यू 3169 को कब्जे में लेकर ट्रक चालक को भी सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाया गया है। चालक ने पूछताछ में ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात बताई है। पुलिस को तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रात होने के कारण मृतका के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी।