देहरादून सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों में 17 युवाओं का चयन हुआ। उन्हें मौके पर नियुक्तिपत्र भी दिए गए। वहीं, 141 युवाओं को दूसरे चरण के इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। बृहस्पतिवार को आयोजित मेले में 293 बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें कई युवा लॉकडाउन के दौरान नौकरी गंवाने वाले भी शामिल थे।
सेवायोजन कार्यालय में बृहस्पतिवार को नौ बजे से ही बेरोजगार युवा पहुंचने शुरू हो गए। सुबह 10 बजे से कंपनी ने इंटरव्यू लेने शुरू किए। युवाओं में इंटरव्यू को लेकर उत्साह देखने को मिला। मार्केटिंग, सेल्स, फार्मा, डिलीवरी सेवा आदि क्षेत्रों की कुल सात कंपनियां भर्ती के लिए पहुंचीं। 11 बजे युवाओं की संख्या में भी इजाफा हुआ। डोईवाला, विकासनगर, रायपुर व अन्य दूर के क्षेत्रों से भी युवा पहुंचते रहे।
विकासनगर के राहुल कुमार ने बताया कि वह अहमदाबाद में होटल में नौकरी करते थे, लॉकडाउन में नौकरी नहीं रही। अब वह किसी भी कंपनी में नौकरी को तैयार हैं। दोपहर 1 बजे तक इंटरव्यू चलते रहे। जिन युवाओं को नियुक्तिपत्र मिले, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। जबकि, कई युवाओं को दूसरे राउंड के लिए बुलाया गया। वहीं, इंटरव्यू में पास न होने वाले युवाओं को निराश लौटना पड़ा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि इंटरव्यू लेने वाली कंपनियों में ट्रियोका, सोलटेक, नाटको फार्मा, लोड शेयर नेटवर्क, श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी देहरादून आदि शामिल रहीं। इस अवसर पर सेवायोजन अधिकारी एवं रोजगार मेला प्रभारी प्रवीन गोस्वामी, सेवायोजन अधिकारी नीतू सिंह, सांख्यिकी सहायक अधिकारी रजनीश कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद तिवारी आदि उपस्थित रहे।
कोरोना गाइडलाइन का पालन कराते रहे अधिकारी
कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए अधिकारी खासे चौकस नजर आए। सेवायोजन अधिकारी प्रवीन गोस्वामी व नीतू व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क प्रयोग, मुख्य गेट पर सैनिटाइजेशन का सख्ती से पालन कराया गया।
बड़ी संख्या में सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण करा रहे प्रवासी युवा
बीते साल मार्च में लागू लॉकडाउन में नौकरी गंवाने के बाद प्रदेश लौटे सैकड़ों प्रवासी युवा बड़ी संख्या में सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण करा रहे हैं, जिससे उन्हें प्रदेश में ही रोजगार के अवसर मिल सकें। अब तक करीब 250 प्रवासी युवा रोजगार मेले के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 21 जनवरी को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। बताया कि मेले में सात निजी कंपनियां 94 पदों के लिए रोजगार के मौके देंगी। पंजीकरण करने का मंगलवार को आखिरी दिन था।