राष्ट्रपति का दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को देहरादून पहुंच रही हैं। इसके लिए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम से कम घरों से निकलें। ताकि, यातायात में कोई बाधा न आए। इसके अलावा अगले दिन यानी शुक्रवार को दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। आईएसबीटी से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन वाया दूधली-डोईवाला जाएंगे।
यह है डायवर्जन प्लान
- मुख्य मार्गों मसलन मसूरी, न्यू कैंट रोड, राजपुर रोड, ईसी रोड, हरिद्वार रोड, हरिद्वार बाईपास रोड, दून यूनिवर्सिटी रोड पर डायवर्जन/जीरो जोन के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं। ये बैरिकेड सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक डायवर्जन/जीरो जोन रहेंगे। ऐसे में लोग अपने घरों से अनावश्यक न निकलें। नहीं तो इन मार्गों पर उन्हें रोका जा सकता है।
- भारी वाहनों को कारगी चौक से दूधली मार्ग होते हुए डोईवाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा और हर्रावाला में रोका जाएगा।
- एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से दूधली रोड होते हुए डोईवाला की ओर भेजा जाएगा। जबकि, राजपुर रोड, सहस्त्रधारा रोड, चकराता रोड से आने वाले वाहन रायपुर-थानों मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।
अपील
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे कर दें स्कूलों की छुट्टी
पुलिस की ओर से स्कूलों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की गई है। इसके लिए पत्र भेजकर शुक्रवार को स्कूलों को दोपहर 12 बजे से पहले छुट्टी करने को कहा गया है। ताकि, स्कूल से आने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
दोपहर 12 से पांच बजे दफ्तरों में रहें कर्मचारी
पुलिस ने सभी सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक दफ्तरों में ही रहें। पुलिस ने यह अपील उन दफ्तरों से की है जो डायवर्जन वाले रूट पर हैं ताकि अनावश्यक परेशानियां न झेलना पड़े।