फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून : अतिक्रमण हटाओ अभियान का तीसरा दिन, डीएवी और डीबीएस के नजदीक से हटाया अतिक्रमण

Thu, 15 Oct 2020 02:29 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाओ अभियान - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को प्रशासन ने डालनवाला क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। टीम ने पहले से चिह्नित दर्जनों अतिक्रमणों को गिराया। इस दौरान डीएवी पीजी कॉलेज की दीवार भी अतिक्रमण की जद में आ गई। पलक झपकते ही दीवार को धराशाई कर दिया गया। अभियान के दौरान टीम को कहीं भी विरोध नहीं झेलना पड़ा।

विज्ञापन


बृहस्पतिवार को करनपुर से होते हुए डीएवी चौक और डीबीएस व डीएल रोड पर अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। पुलिस व प्रशासन की टीम ने फोर्स के साथ सुबह 10 बजे अभियान शुरू किया। एक टीम डीएल रोड की तरफ कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ी तो कोरोनेशन हॉस्पिटल से लेकर गांधी शताब्दी हॉस्पिटल के बीच कई अतिक्रमण पर जेसीबी गरजी। इस कार्रवाई में कई मकानों की बाउंड्री वॉल और दुकानों के छज्जे तोड़ दिए गए।

उधर, दूसरी टीम करनपुर चौक, डीएवी चौक, सीमेंट रोड, डीएल रोड की तरफ कार्रवाई करती हुई आगे बढ़ी। स्वीट शॉप के पास डीएवी कॉलेज की दिवार को गिराया गया। तमाम दुकानों के बाहर हुए अतिक्रमण पर भी हथोड़े चले। छज्जे और अवैध रूप से लगे बोर्ड हटा दिए गए। दुकानों व मकानों के बाहर पक्के निर्माण भी तोड़े गए। यह अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा। 
विज्ञापन


पलटन बाजार का किया निरीक्षण 
बुधवार को अतिक्रमण तोड़ने हटाने के बाद बृहस्पतिवार को प्रशासन की टीम ने पलटन बाजार का निरीक्षण किया। यहां और धामावाला बाजार के व्यापारियों को 24 घंटे का समय दिया गया था। यहां अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की टीम शुक्रवार को पूरे दलबल के साथ कार्रवाई कर सकती है। 

व्यापारी खुद लगे रहे तोड़ने में 
पलटन बाजार, धामावाला बाजार और इससे सटे बाजारों में बृहस्पतिवार को भी हथौड़ों की आवाज गूंज रही थी। अतिक्रमण को अब खुद व्यापारी ही गिरा रहे थे। इससे पहले व्यापारियों ने यहां एक माह की छूट दिए जाने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने सिर्फ 24 घंटे का वक्त ही व्यापारियों को दिया था।

विज्ञापन

खुद हटा रहे अतिक्रमण तो फिर तोड़फोड़ क्यों

त्योहारी सीजन में हाईकोर्ट के आदेश पर चल रहा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गया है। बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने अतिक्रमण के नाम पर हो रही ध्वस्तीकरण का विरोध किया और कौलागढ़ और पलटन बाजार में अभियान रुकवा दिया। व्यापारियों का कहना था कि जब व्यापारी खुद ही अतिक्रमण हटा रहे हैं तो तोड़फोड़ करना उचित नहीं है।  व्यापारियों ने डीएम से मुलाकात कर गुहार लगाई। 

बृहस्पतिवार को जैसे ही अतिक्रमण हटाने वाली टीन लाव-लश्कर के साथ राजेंद्र नगर कौलागढ़ पहुंची तो व्यापारियों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। मौके पर दून उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल भी वहां पहुंच गए और उन्होंने ध्वस्तीकरण को रुकवा दिया। सिटी मजिस्ट्रेट से मांग की कि जब व्यापारी खुद ही अतिक्रमण हटा रहे हैं तो क्यों जबरदस्ती तोड़-फोड की जा रही है। इसके बाद टीम वहां से लौट गई ओर सीधे पलटन बाजार पहुंच गई। पलटन बाजार में भी व्यापारियों ने टीम का भारी विरोध किया। इस दौरान व्यापारियों ने आग्रह किया गया कि स्मार्ट सिटी के काम में वह सरकार के साथ हैं, लेकिन अतिक्रमण के नाम पर बेवजह व्यापारियों को परेशान न किया जाए। व्यापारियों ने कहा कि जो भी अतिक्रमण है वह व्यापारी खुद हटा रहे हैं।

तोड़फोड़ जहां पर आवश्यक है वहां, पर इस बात का ध्यान रखा जाए कि दुकानों में बरसात का पानी न घुस पाए। इस संबंध में व्यापारियों ने  जिलाधिकारी से भी मुलाकात की। दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि व्यापार मंडल ने हमेशा प्रशासन का सहयोग किया है और अब भी करेगा, लेकिन बेवजह परेशान न किया जाए। सिद्धार्थ अग्रवाल ने भी अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को परेशान न करने की बात कही। महामंत्री सुनील मैसोन ने कहा कि बाजारों में जेसीबी लाने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। सभी दुकानदारों ने खुद ही अपने छज्जों को तोड़ दिया है। इस दौरान डीडी अरोड़ा, प्रतीक मैनी, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें