वसंत विहार के आशीर्वाद एनक्लेव स्थित अधिकारी चौहान के घर देर रात तक कार्रवाई चलती रही। यहां दो वाहनों से दिल्ली सीबीआई की टीम पहुंची थी। घर के भीतर तमाम कागजात खंगाले जा रहे थे। हालांकि, कैश बरामद हुआ या नहीं इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
बता दें, महेंद्र चौहान को सीबीआई ने रविवार को दिल्ली से एक करोड़ रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया था। चौहान पर आरोप है कि उसने किसी प्राइवेट कंपनी को काम दिलाने की एवज में रिश्वत मांगी थी। इसके बाद दिल्ली की सीबीआई टीम ने चौहान के बल्लूपुर स्थित आशीर्वाद एनक्लेव स्थित घर में छापा मारा। रात करीब 8:30 बजे टीम पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
घर किसका ये भी नहीं पता
आशीर्वाद एनक्लेव में जिस घर मे कार्रवाई हुई वह घर चौहान का है या किसी और का। इसके बारे में भी जानकारी नहीं मिल सकी है। घर पर केवल हाउस नंबर के अलावा कुछ और नहीं लिखा हुआ है। स्थानीय गली सुनसान है। लिहाजा यहां स्थानीय लोग भी एकत्र नहीं हुए।
जो दो चार लोग बाहर आए उन्हें भी इस बात की जानकारी नहीं कि ये घर चौहान का है या किसी और का। कुछ लोगों का कहना है कि चौहान यहां पहले किराये पर रहते थे। हालांकि, मकान नया बना हुआ है, लेकिन यहां वर्तमान में कौन रह रहा है। इसकी जानकारी नहीं मिली, लेकिन चार घंटे से जारी कार्रवाई से इतना अनुमान जरूर लगाया जा सकता है कि घर में यदि चौहान नहीं तो उनका कोई खास जरूर रह रहा है।