दो दिन पहले मामूली विवाद में सरेआम फायर झोंकने वाले बदमाशों ने रविवार को फिर विधौली में ग्रामीणों के साथ मारपीट की। उन्होंने फायर भी झोंके, जिसमें ग्राम प्रधान बाल-बाल बचे। मौके पर भीड़ जुटी तो बदमाश धमकी देकर भाग निकले। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रेमनगर थाने का घेराव कर हंगामा किया। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत 12 लोगों गिरफ्तार कर लिया है।
विधौली में ग्रामीणों पर फायर झोंकने की घटना को हल्के में लेना पुलिस चौकी के स्टॉफ को मंहगा पड़ गया। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने चौकी इंचार्ज सहित पूरे स्टॉफ को प्रेमनगर थाने से अटैच कर वहां नया स्टॉफ तैनात कर दिया है।
दो दिन पहले विधौली में जब मामूली विवाद में बदमाशों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट कर फायरिंग की थी तो इसकी शिकायत पुलिस चौकी में की गई थी। जिस पिस्टल से फायर किए गए थे, उसे भी छीनकर पुलिस को सौंप दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। साथ ही अगले दिन बिना कार्रवाई के पिस्टल वापस कर दी। ऐसे में बदमाशों का उत्साह बढ़ गया और रविवार को उन्होंने फिर से ग्रामीणों के साथ मारपीट कर फायर झोंक दिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाशों ने फोन पर धमकी दी थी। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी, लेकिन इसके बाद भी पुलिस लापरवाह बनी रही। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने चौकी इंचार्ज जगमोहन राणा समेत पूरे स्टॉफ को थाना प्रेमनगर अटैच कर दिया। साथ ही चौकी में नया स्टॉफ तैनात करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।