केयरटेकर ने दी घर की पूरी जानकारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाले होशियार सिंह ने ही लूट की योजना बनाई थी। उसने बिजनौर निवासी हिमांशु, उसके भाई नितिन और बहन रुपा को घर की जानकारी दी और वारदात में शामिल होने का लालच दिया। योजना के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब दो बजे तीनों घर पहुंचे। होशियार सिंह पहले से मौजूद था। उसी ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया और वारदात को अंजाम देने में मदद की।
कब्रिस्तान के पास से तीनों गिरफ्तार
बसंत विहार थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि 25 नवंबर को सूचना मिली कि घटना में शामिल हिमांशु अपने भाई और बहन के साथ लूट का सामान छिपाकर देहरादून से बाहर जाने की फिराक में है। तीनों कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कांवली गांव में झाड़ियों के पास पत्थर के नीचे छिपाकर रखी लाल कपड़े की थैली से लूटे गए आभूषण और 15 हजार रुपये बरामद किए गए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु (21) और नितिन (23) पुत्र सुरेंद्र सिंह और उनकी बहन रुपा (20) पुत्री सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम चितावर, थाना किरतपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में धारा बढ़ाई है। वहीं, केयरटेकर होशियार सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।