श्री गुरु रामराय दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने श्री झंडेजी मेला की पूर्व संध्या पर संगतों को गुरुमंत्र दिया। गुरु मंत्र पाकर संगत निहाल हो गई। संगतों ने गुरुमंत्र को आत्मसात करते हुए श्री झंडा साहिब और श्री गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। श्रीमहंत देवेन्द्र दास ने गुरि महिमा का बखान किया। कहा कि जो व्यक्ति गुरु के बताए मार्ग पर चलता है, उसे पृथ्वी पर ही स्वर्ग की अनुभूति होती है। उन्होंने संगतों को सामाजिक कुरीतियों जैसे कन्या भ्रूण हत्या, नशा, दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। कहा कि धार्मिक मेले हमारे देश की समृद्ध विरासत व धरोहर हैं। मेलों में देश विदेश के लोग अपनी कला, संस्कृति व संस्कारों का आदान प्रदान करते हैं। मेले हमें जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूरब की संगत की विदाई
श्री झंडेजी मेला की परंपरा के अनुसार श्री झंडेजी आरोहण से पूर्व गुरुवार शाम को पूरब की संगत को पगड़ी, ताबीज और प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही पूरब की संगत की विदाई की गई।
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
श्री झंडेजी मेले के भव्य आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल, एसपी सिटी सरिता डोभाल, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान समेत अन्य अधिकारियों ने मेले की तैयारियों की जानकारी ली।
एलईडी स्क्रीन पर होगा सीधा प्रसारण
श्री दरबार साहिब मेला प्रबंधन समिति ने श्री दरबार साहिब परिसर में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की है। एलईडी स्क्रीन पर मेले का सीधा प्रसारण किया जाएगा। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि अस्पताल की ओर से रोगियों को निशुल्क दवाइयां और जांच का इंतजाम किया जा रहा है।