कोरोना वायरस के चलते 13 मार्च से शुरू हो रहे झंडा मेला में इस बार अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी। श्रद्धालुओं को प्रवेश थर्मल स्कैनर से जांच के बाद ही मिल सकेगा। इसके लिए मेला क्षेत्र में तीन मशीनें स्थापित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने दरबार साहिब और स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई बैठक में इसको लेकर कई निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन आदि के साथ-साथ इस बार कोरोना से बचाव को भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने वहां पर स्वास्थ्य विभाग को ठोस व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से उचित व्यवस्था का आश्वासन भी दरबार साहिब को दिया। जरूरी प्रचार प्रसार के माध्यमों को बढ़ाने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यथासंभव थर्मल स्कैनर मशीन लगवाई जाएं। साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था भी समुचित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने किसी भी प्रकार के जुकाम आदि से संक्रमित व्यक्ति को तत्काल उचित मेडिकल चेक-अप कराने को सीएमओ ओर दरबार साहिब प्रबंधन को आपसी समन्वय स्थापित करने को कहा। सीएमओ के मेला क्षेत्र में सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
मेला अधिकारी झंडा साहिब केसी जुयाल ने बताया कि कोशिश है कि झंडा मेला में कम से कम भीड़ पहुंचे। ताकि, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या मौजूदा समय में कोरोना को लेकर कोई भ्रम आदि से दिक्कत न हो। समिति खुद भी प्रशासनिक और चिकित्सा संबंधी सुविधाओं पर ध्यान दे रही है। कोरोना को लेकर कोई पैनिक न हो इसके लिए भी आवश्यक प्रचार प्रसार किया जाएगा।
50 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय राय ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस ग्रसित रोगियों के उपचार को 50 बेड का आईसोलेशन वार्ड तैयार रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर बेडों की संख्या बढ़ाई भी जाएगी। इमरजेंसी सुविधाओं को और अधिक कारगर बनाया जा रहा है।