जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की भी परीक्षा ली। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह नालियां और नाले ओवरफ्लो होने से सड़क किनारे पानी भर गया। बारिश के दौरान यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई। लगातार बारिश और जलभराव के कारण पैदल चलने वालों को भी मुश्किलें उठानी पड़ीं।
गर्म कपड़े और छाते फिर निकले
अचानक बदले मौसम का असर लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ा। बारिश से बचने के लिए लोग छाते और रेनकोट लेकर घरों से निकले, जबकि सुबह और शाम की ठंड से बचने के लिए कई लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया। सितंबर के अंत में बदले मौसम ने लोगों को अक्तूबर-नवंबर की ठंड का अहसास करा दिया।
24 घंटे खूब बरसे मेघ
प्रदेश भर में 24 घंटों में मेघ जमकर बरसे। बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश भर में 69.7 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य बारिश से 3592 फीसदी अधिक है। सबसे अधिक बारिश चमोली जिले में हुई। यहां 84.2 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश से 6920 फीसदी ज्यादा है। जबकि देहरादून में भी 27.4 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य बारिश से 757 फीसदी अधिक है।
सोमवार को पहाड़ों पर हल्की बारिश के आसार
दो दिन से लगातार हो रही बारिश से सोमवार को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। उत्तरकाशी और देहरादून जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पीला अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो आने वाले दिनों की बात करें तो इस सप्ताह भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।