देहरादून से गोपेश्वर के लिए हवाई सेवा का शुभारंभ जिस हेलीकॉप्टर से होना था उसे पुलिस ग्राउंड में उतारने की अनुमति ही नहीं ली गई थी। मंगलवार को राज्य नागरिक उड्डयन विभाग के दर्जाधारी विशाल डोभाल दल-बल के साथ यहां हेलीकॉप्टर से उतरे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उल्टे पांव लौटा दिया।
विज्ञापन
पुलिस प्रशासन ने हेलीकॉप्टर कंपनी को भविष्य में दोबारा इस ग्राउंड में हेलीकॉप्टर न उतारने का नोटिस भी थमा दिया। करीब एक घंटे बाद हेलीकॉप्टर तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गया। हवाई सेवा का शुभारंभ न होने पर उड्डयन मंत्री राजेंद्र भंडारी का कहना है कि सचिव स्तर से सूचना देने में चूक हुई है।
राज्य सरकार की घोषणा के मुताबिक मंगलवार को देहरादून-गोपेश्वर हवाई सेवा का शुभारंभ होना था। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्वाह्न 11 बजे से ही पुलिस मैदान में फूल मालाओं के साथ खड़े थे। यूटी एयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दोपहर एक बजे यहां पुलिस मैदान में उतरा।
विज्ञापन
बिना अनुमति उतारा हेलीकॉप्टर, पुलिस ने वापस भेजा
बिना अनुमति के उतारने पर थमाया नोटिस
- फोटो : AmarUjala
हेलीकॉप्टर से उतरे राज्य नागरिक उड्डयन विभाग के दर्जाधारी विशाल डोभाल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम चल ही रहा था कि आधे घंटे बाद ग्राउंड में पहुंचे चमोली के पुलिस उपाधीक्षक धनी राम ने हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन मनीष बंसल से हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति रिपोर्ट मांगी।
अनुमति नहीं होने से पायलट बगले झांकने लगे। डोभाल ने भी अनुमति रिपोर्ट पर अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने मौके पर ही जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन से भी वार्ता की, लेकिन जिला प्रशासन ने भी सेवा शुरू होने की सूचना से इनकार कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक धनी राम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कैप्टन बंसल को भविष्य में दोबारा बिना अनुमति के पुलिस ग्राउंड में हेलीकॉप्टर न उतारने का नोटिस थमा दिया। करीब एक घंटे तक ग्राउंड में रहने के बाद दो बजे हेलीकॉप्टर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गया।
गोपेश्वर। हवाई सेवा शुरू करने को लेकर जिला प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी गई थी, जिससे मौके पर जिला प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी भी मौजूद नहीं थे। ग्राउंड में अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी नहीं थी। इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया जा रहा है। समाचारपत्रों से मिली सूचना पर पुलिस प्रशासन की ओर से ग्राउंड के चारों ओर कुछ पुलिस कर्मी लगाए गए थे।
जिला प्रशासन को सेवा शुरू करने की कोई सूचना नहीं दी गई थी, जिससे ग्राउंड में न तो प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई और न ही सुरक्षा व्यवस्था की जा सकी है।
-विनोद कुमार सुमन, डीएम, चमोली
पुलिस ग्राउंड में 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर पुलिस की ओर से परेड समेत विभिन्न क्रिया कलाप संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस मैदान से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू नहीं हो सकती है। हेलीकॉप्टर कंपनी को भविष्य में बिना अनुमति ग्राउंड में हेलीकॉप्टर न उतारने का नोटिस भी दे दिया गया है।
-धनी राम, पुलिस उपाधीक्षक, चमोली
चमोली जिला व पुलिस प्रशासन को हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की सूचना देने में सचिव स्तर से चूक हुई है। इस संबंध में अधिकारियों से बात की जाएगी। पुलिस ग्राउंड में हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति मांगी जानी चाहिए थी। आगामी दिनों में हेलीकॉप्टर सेवा को सप्ताह में दो दिन संचालित होना है।
-राजेंद्र भंडारी, उड्डयन मंत्री, उत्तराखंड सरकार