गोलीकांड को अंजाम देने के बाद रामबीर अपने साथी मनीष के साथ देहरादून से भाग निकला था। उसने आशारोड़ी पर बैरियर तोड़ा और अपनी कार वहीं छोड़ दी थी। गत 18 जून को रामबीर को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया था, लेकिन उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद नहीं हुई थी। पुलिस ने गत 19 जून को रामबीर व उसके साथी को न्यायालय में पेश किया और रामबीर की कस्टडी रिमांड मांगी। इसके बाद न्यायालय ने शुक्रवार को रामबीर की एक दिन की कस्टडी रिमांड मंजूर की थी।
पुलिस ने उसे शनिवार को सुद्धोवाला जेल से लिया और निशानदेही पर टीएचडीसी कॉलोनी से पुलिस ने पिस्तौल बरामद की। एसओ रायपुर कुंदन राम ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। उससे पुलिस को पूछताछ में अन्य जानकारियां भी मिली हैं, जिनकी तस्दीक की जा रही है।
आज चल सकता है भारद्वाज के घर पर बुलडोजर
बता दें कि इस जघन्य कांड के बाद प्रशासन ने सोनू भारद्वाज के घर और उसके आसपास के क्षेत्र की पैमाइश कराई थी। इसमें पता चला कि सोनू ने वहां पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर डेयरी और घर का हिस्सा बनाया है। कुल अतिक्रमण किया हुआ क्षेत्रफल 66 वर्गमीटर पाया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे तीन दिन की मोहलत देते हुए नोटिस जारी किया था। इसकी मियाद शनिवार को पूरी हो रही है। इसके बाद रविवार को अतिक्रमण वाले हिस्से पर बुलडोजर चल सकता है।