अलग चलने की आदत पड़ सकती है बच्चों पर भारी
जिला प्रशासन की सबसे अलग चलने की यह आदत बच्चों पर भारी भी पड़ सकती थी। मौसम विभाग लगातार अलर्ट कर रहा है। पहाड़ों से हर दिन कोई बुरी खबर आ रही है। देहरादून में भी तमाम जगह जलभराव हो रहा है। जुलाई महीने में दो बच्चों की इसी तरह के जलभराव में डूबकर मौत हो चुकी है। हालांकि, डूबने की ये घटनाएं स्कूल के वक्त की नहीं थी। बावजूद इस सबके देहरादून जिला प्रशासन स्कूलों की छुट्टी को लेकर इतना गैर गंभीर नजर आता है।
प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक जिलाधिकारी को इस बात की चिंता रहती है कि ज्यादा छुट्टी होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ेगा। लिहाजा रात नौ बजे के अलर्ट का इंतजार किया जाता है। इसके बाद ही छुट्टी का निर्णय लिया जाता है लेकिन सोमवार रात को हर बुलेटिन में रेड अलर्ट का ही जिक्र था। बावजूद इसके छुट्टी के आदेश नहीं हुए। रातभर जब कई दौर की बारिश हुई तो जिलाधिकारी भी मौसम की जिद के आगे झुके और सुबह तीन बजे कार्यालय खुलवाकर छुट्टी के आदेश जारी करवाए।