जीएमएस रोड स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए देर रात कुछ युवकों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। सोमवार देर रात करीब 12 बजे कुछ युवक एक निजी शिक्षण संस्थान के बाहर जमा हुए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि सूर्य अस्त होने के बावजूद संस्थान में राष्ट्रीय ध्वज को नहीं उतारा गया है।
जबकि, नियमानुसार यह आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थान में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया जा रहा है। हंगामा कर रहे युवक संस्थान के बाहर ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवकों को शांत कराया। एसओ नत्थी लाल उनियाल ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।