जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने विधानसभा चुनाव में लाइसेंस शस्त्र न जमा करने वाले 154 शस्त्र धारकों का लाइसेंस 13 मार्च तक के लिए सस्पेंड कर दिया है। इनमें से सबसे ज्यादा लाइसेंस शहर कोतवाली क्षेत्र के हैं। यह कार्रवाई पुलिस संस्तुति के आधार पर की गई है। अब शस्त्र जमा न कराने वालों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए जा सकते हैं।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने लाइसेंस शस्त्र जमा कराने के लिए शस्त्र धारकों को नोटिस जारी किए थे। पुराने पतों से गायब होने के कारण कुछ को तो नोटिस तामिल नहीं हो पाए थे, जबकि कुछ ने शस्त्र जमा कराने में रुचि नहीं दिखाई।
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल की तरफ से शस्त्र धारकों को तीन दिन का अतिरिक्त समय दिया गया। एसपी सिटी अजय सिंह ने अवधि पूरी होने के बाद सिटी सर्किल के करीब 1755 शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति की थी।
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने संस्तुति को संज्ञान में लेते हुए शस्त्र धारकों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन का समय दिया था। इसके बाद पुलिस के पास करीब 182 लाइसेंसी शस्त्र और जमा हुए। पुलिस अधीक्षक (नगर) अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने पुलिस की रिपोर्ट पर 154 शस्त्र लाइसेंस 13 मार्च तक के लिए सस्पेंड कर दिए हैं। अन्य के खिलाफ कार्रवाई प्रचलित है। ऐसे में शस्त्र न जमा कराने वालों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जा सकते हैं।