15 साल का बेटा घर नहीं लौटा
बेटे को दोस्तों के साथ भेजते समय पिता ने भी यही सोचा होगा कि कुछ घंटे बाद वह लौटेगा तो घर में त्योहार की खुशियां और बढ़ जाएंगी। रात बीतती रही, लेकिन अर्श नहीं आया। पिता ने फोन किया तो बताया गया कि वह सुबह घर आ जाएगा। एक पिता ने इसी उम्मीद में रात काट दी कि सुबह दरवाजे पर बेटे की आहट सुनाई देगी। लेकिन सुबह फोन की घंटी बजी तो दूसरी तरफ से ऐसी खबर मिली, जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी। बताया गया कि अर्श मोर्चरी में है। पिता वहां पहुंचे तो बेटे के शरीर पर चोटों के निशान देखकर टूट गए। उनका आरोप है कि बेटे की हत्या की गई है और इसमें उसके दोस्तों की भूमिका है। जिस बेटे को उन्होंने हंसते-खेलते दोस्तों के साथ विदा किया था, उसे आखिरी बार देखने के लिए उन्हें मोर्चरी जाना पड़ा।
संपत्ति विवाद पर बवाब, रिश्तों के टूटने की ऐसी ही दर्दनाक दास्तां
रायपुर क्षेत्र के तरला अधोईवाला निवासी 28 वर्षीय गौरव चौधरी की कहानी भी रिश्तों के टूटने की ऐसी ही दर्दनाक दास्तां है। परिवार के मुताबिक, गौरव दीपावली की मिठाई लेकर मामा के घर जा रहा था। त्योहार पर रिश्तेदारों के यहां मिठाई पहुंचाने और अपनों से मिलने की परंपरा निभाने निकला गौरव शायद सोच भी नहीं सकता था कि संपत्ति विवाद रिश्तों पर इतना भारी पड़ जाएगा। पुराने मकान की बाउंड्री को लेकर दूसरे मामा नितिन पक्ष से विवाद चल रहा था। गौरव ने दोबारा बाउंड्री बनवाने का काम शुरू कराया तो सोमवार को विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। परिवार का आरोप है कि मामा नितिन अपने बेटे और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। गौरव को घेरकर पकड़ लिया गया और उसके सीने में खुखरी से वार कर दिया गया। कुछ देर पहले जिस युवक के हाथों में त्योहार की मिठाई होनी थी, उसके परिवार को अब उसकी अर्थी की तैयारी करनी पड़ी। महज 28 साल की उम्र में गौरव की जिंदगी खत्म हो गई। परिवार के लिए अब हर दीपावली उस अधूरे सफर और उस रिश्ते की याद लेकर आएगी, जहां मिठाई पहुंचनी थी, लेकिन मातम पहुंच गया।
बेटे ने पिता को मार डाला
राजपुर के चलांग कुल्हन में 62 वर्षीय मदन राणा के परिवार की खुशियां भी सोमवार शाम एक पल में छिन गईं। आरोप है कि 35 वर्षीय बेटे नितिन ने नशे के लिए पहले अपने भांजे से रुपये मांगे। रुपये नहीं मिले तो वह दरांती लेकर उसे मारने दौड़ा। भांजे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घर में उठे विवाद को शांत कराने के लिए मदन राणा बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन बेटे ने उन्हीं पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक पिता के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि जिस बेटे को पालने-पोसने और बड़ा करने में पूरी जिंदगी लगा दी, उसी के हाथों उसकी जान चली जाए। परिवार के लिए यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस रिश्ते का टूटना है, जिसे जीवन का सबसे मजबूत सहारा माना जाता है। बेशक तीनों घटनाओं के कारण अलग-अलग थे, लेकिन हर कहानी का अंत एक जैसा हुआ। कहीं दोस्ती पर भरोसा टूट गया, कहीं संपत्ति के लालच और विवाद ने मामा-भांजे के रिश्ते को लहूलुहान कर दिया तो कहीं नशे ने बेटे को पिता का कातिल बना दिया। दीपावली पर लोग घरों में दीप जलाकर अंधेरा मिटाने की कामना करते हैं, लेकिन इन तीन परिवारों के हिस्से में ऐसा अंधेरा आया है, जिसे कोई दीपक दूर नहीं कर पाएगा। अब इन घरों में त्योहार आएंगे, लेकिन जिनकी हंसी से घर रोशन होते थे, वे कभी लौटकर नहीं आएंगे।