मुख्य आरोपी प्रहलाद राज और अंकुर सिंह घटना के बाद फरार हो गए थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। देहरादून पुलिस ने 9 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के एक रिसॉर्ट से दोनों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दो दिन बाद 11 अप्रैल को प्रेमनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर नंगे पैर करीब दो किलोमीटर तक क्षेत्र में पैदल घुमाया और घटनास्थल पर छात्रों के सामने सार्वजनिक माफी भी मंगवाई।
फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
हत्याकांड में पांच आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं जिन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। अब उनके खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। अभी इसकी कानूनी प्रक्रिया गतिमान है। यह पूरी होने के बाद आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिए जाएंगे।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड की पुलिस ने गहराई से जांच की है। आरोपियों की घटनास्थल पर मौजूदगी से लेकर कई बिंदुओं पर जांच के बाद आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
- प्रमोद कुमार, एसपी सिटी