डेंगू का कहर अभी तक भी खत्म नहीं हुआ है। वायरल और हल्के बुखार में भी मरीज डॉक्टरों से डेंगू की जांच लिखने का अनुरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को जिले में 11 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में मौजूदा सीजन मेें सरकारी अस्पतालों में अब तक 21751 मरीजों की एलाइजा जांच हो चुकी है।
ठंड शुरू होने पर अब भले ही डेंगू मरीजों की संख्या थोड़ी कम होने लगी हो, लेकिन इस बार लोगों में डेंगू मच्छर हावी रहा। सरकारी आंकड़ों पर विश्वास किया जाए तो इस सीजन में देहरादून जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या पिछले सभी रिकार्डों से कई अधिक पहुंच चुकी हैं। पिछले साल करीब 1800 लोगों में एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
जबकि इस बार यह आंकड़ा शुक्रवार तक 4924 तक पहुंच गया है। जुलाई में रायपुर और उसके आसपास के एक छोटे से क्षेत्र से शुरू हुआ एडीज इजिप्टाई मच्छर से होने वाला यह बुखार कमोबेश पूरे जिले में प्रकोप की तरह फैला। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि शुक्रवार को दून अस्पताल में 65 मरीजों के रक्त सैंपल की एलाइजा जांच हुई। जिनमें से 11 में डेंगू पॉजीटिव पाया गया है।