देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के सोडा-सरोली में शुक्रवार को पुल के नीचे नदी में एक पैर मिला है। रायपुर पुलिस ने पैर कब्जे लेकर जांच शुरू कर दी है। पैर पीली पॉलीथिन के अंदर था। ऐसे में पुलिस किसी अस्पताल की ओर से पैर फेंकने की आशंका जता रही है। हालांकि विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से जोड़कर पैर का मिलान कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोड़ा सरोली में पुल के नीचे एक कबाड़ी को पीली पॉलीथिन में कटा हुआ पैर दिखा। कबाड़ी ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। कटा पैर मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रायपुर पुलिस ने पैर कब्जे में लिया।
रायपुर थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि पैर पीली पन्नी में था। यह पैर के घुटने के नीचे का हिस्सा है और बांया पैर है। एसपी सिटी सरिता डोभाल ने बताया कि पैर किसी व्यक्ति का है। इसके बारे में आसपास के लोगों के साथ ही थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
आसपास जंगल भी है, लिहाजा वहां भी कांबिंग की जा रही है। अन्य थानों में गुमशुदगी के मामलों से भी इसका मिलान किया जा रहा है। फिलहाल पैर किसका है और नदी में कहां से आया इस बारे में जानकारी नहीं हो सकी है।