ट्रैफिक पुलिस ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई पहल करते हुए घंटाघर पर पेलिकन लाइट की व्यवस्था की है। इससे पलटन बाजार से आने-जाने वाले लोगों को काफी मदद मिलेगी।
हरी बत्ती जलने के साथ इंसान का चित्र आने का मतलब होगा कि पैदल यात्री अब सड़क पार कर ले। इस दौरान वाहनों के लिए लाल बत्ती रहेगी। राज्य में पेलिकन लाइट का पहली बार प्रयोग हुआ है।
ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को घंटाघर पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर नया प्रयोग किया है। वाहनों की मारामारी के कारण यहां पर पैदल निकलना बेहद असुरक्षित था। आए दिन हादसों के मद्देनजर पेलिकन लाइट लगाई है।
पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक प्रदीप राय ने बताया कि पेलिकन लाइट के लगने से यात्रियों को काफी मदद मिलेगी, क्योंकि दिन भर पलटन बाजार में लोगों का आवागमन रहता है। लाइट को फॉलो कर यात्री आसानी से निकल सकते है। यदि घंटाघर पर यह लाइट कारगर रही तो दर्शनलाल चौक, सर्वे चौक, दून अस्पताल चौक आदि स्थानों पर यह लाइट लगाई जाएगी।