मुंह पर कपड़ा बांधे दो लोग, पड़ोसी के कैमरे में दिखे
अजय भटेजा की मौत का मामला सोमवार तड़के चार बजे के आसपास का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उनके साथ घर में एक युवक और एक युवती उनके साथ घर में मौजूद थे। मकान में ऊपर किराएदार भी रहते हैं। सुबह के वक्त जब नीचे से आवाज आई तो किराएदार के परिवार के सदस्य वहां आए। उनके आने की आहट सुनकर ये दोनों वहां से भाग गए। दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। भागते हुए दोनों युवक पड़ोसी के कैमरे में भी दिखे हैं। प्राथमिक पड़ताल में यह जहर खिलाकर हत्या करने का मामला लग रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ये दोनों सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर लेकर भागे हैं। पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है।
बाहर कार में बैठा हुआ था सौतेला भाई, अंदर आने को कहा मगर नहीं आए
बताया जा रहा है कि जिस वक्त ये दोनों युवक घर के अंदर थे उस वक्त उनका सौतेला भाई सन्नी बाहर कार में बैठा हुआ था। हालांकि, वह किस कारण से बैठा था इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने सन्नी को पूछताछ के लिए चौकी में बुलाया है। बताया जा रहा है कि वह अपने किसी परिचित को देखने के लिए मैक्स अस्पताल आया था। उसने पुलिस को बताया कि उनके भाई ने उन्हें अंदर बुलाया था लेकिन वह अंदर नहीं गए। इसके बाद मैक्स अस्पताल चला गया। सुबह के वक्त जब उन्हें मैक्स अस्पताल में यह खबर मिली तो वह मौके पर पहुंचा।
मृत्यु का कारण नहीं चला पता, विसरा सुरक्षित
पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण पता नहीं चल पाया है। ऐसे में डॉक्टरों की सलाह पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। ऐसे में अब पुलिस भी असमंजस में है कि मुकदमा किस अपराध में दर्ज किया जाए। हालांकि, देर शाम तक परिजनों की ओर से भी कोई शिकायत पुलिस के पास नहीं पहुंची थी।