बिटकॉइन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 13.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के माध्यम से 13,35,323 रुपये आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के कारोबार खाते में जमा कर दिए। बाद में वेबसाइट पर उसके खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई गई, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर निकासी रोक दी गई।
रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए कहा जाता
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक के जरिये कुल 13,35,323 रुपये जमा कर दिए। शिकायत के अनुसार, ये रकम आईएमटी मार्केट के मनी कलेक्टरों के भारतीय बैंक खातों में भेजी जाती थी। भुगतान करने के बाद पीड़ित को उसकी रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए कहा जाता था।
पीड़ित ने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कार्तिक अग्रवाल, मनी कलेक्टरों और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ कार्रवाई के साथ रकम वापस दिलाने की मांग की है। डालनवाला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर निरीक्षक अश्विनी बलूनी को जांच सौंपी है। थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेनदेन, मनी कलेक्टरों और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।