डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-19 पुरुष वर्ग की जिला क्रिकेट लीग का सोमवार को उद्घाटन किया गया। पहले दिन देहरादून-बी और देहरादून-सी की टीम ने अपने-अपने मैच जीते। दोनों मैच रायवाला व सहसपुर की एक निजी क्रिकेट एकेडमी में खेले गए।
दिन का पहला मैच रायवाला में देहरादून-ए और देहरादून-बी की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीत देहरादून-ए ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी देहरदून-बी की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाएं। टीम के लिए सबसे ज्यादा राज तोपवाल ने 99 और तनिष्क मेहता ने 56 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून-ए की टीम 216 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए शौर्य चौहान और परितोष चौहान ने 45-45 रन बनाए। इसके साथ ही यह मैच देहरादून-बी की टीम ने 35 रनों से जीता लिया।
वहीं सहसपुर में दूसरा मुकाबला देहरादून-सी और देहरादून-डी की टीम के बीच खेला गया। देहरादून-सी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। देहरदून-डी ने निर्धारित 40 ओवरों में तीन विकट के नुकसान पर 265 रन बनाए। टीम के लिए उत्कर्ष पांडे ने नाबाद 119 और शिवास्तिक विष्ट ने 50 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून-सी ने 38.4 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 266 बनाकर चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तुषार सेठी ने नाबाद 116 और राहुल कुमार ने 77 रन की पारी खेली। विनायक बलूनी ने नाबाद 23 रन और सम्पन्न जोशी ने 18 रनों का योगदान दिया।