जम्मू में आयोजित 23वीं वुशू सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खाते में दो मेडल आए। अंशिका कंसवाल और मेघा भट्ट ने कांस्य पदक जीत प्रदेश का नाम रोशन किया। चैंपियनशिप में उत्तराखंड की 16 सदस्यीय महिला व पुरुष टीम ने अपना दम दिखाया।
टीम की कोच रोशनी कुंवर और मौलिकता ने बताया, चैंपियनशिप में देश भर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। देश में महिला व पुरुष खिलाड़ियों के बीच वुशू खेल को बढ़ावा देने और उन्हें स्वास्थ्य व आत्म सुरक्षा के लिए जागरूक करने के मकसद से चैंपियनशिप का आयोजन किया गया।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय वुशू जज अंजना रानी ने बताया, टीम के सभी खिलाड़ी पहले भी कई प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। अंजना बीते 20 साल से दून में बच्चों को निशुल्क मार्शल आर्ट की बारीकियां सीखा रही हैं। उत्तराखंड पुलिस विभाग में चीफ कोच के पद पर तैनात अंजना अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभा चुकी हैं।