फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादूनः दूध सप्लायर को गोली मारकर लूट का प्रयास, अस्पताल में भर्ती

Wed, 30 Oct 2019 09:30 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बाइक सवार बदमाशों ने दूध सप्लायर को गोली मारकर लूट का प्रयास किया। बदमाशों की दूध सप्लायर से गुत्थमगुत्था भी हुई। लोगों के आने के संदेह पर बदमाश वहां से फरार हो गए। घायल का देर रात श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं, देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर भी देर रात तक नहीं दी गई थी।

विज्ञापन


मूल रूप से गांव अमीनगर थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश निवासी अंकित रावत उम्र 27 वर्ष पुत्र कुंवर पाल यहां नेहरू कॉलोनी के 21-जी ब्लॉक में रहता है। अंकित ने बताया कि वह धर्मपुर में अपने चाचा की डेयरी पर वेतन पर काम करता है। वह रोज विकासनगर के लिए दूध के पैकेट सप्लाई करता है। मंगलवार को वह वाहन से दूध बांटकर वापस देहरादून आ रहा था।

दोपहर करीब ढाई बजे सहसपुर और प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर धूलकोट के जंगल में बाइक सवार दो बदमाशों ने अंकित रावत को रुकने का इशारा किया। पीछे बैठे युवक के हाथ में दूध का कैरेट था। जैसे ही अंकित ने वाहन रोका तो युवकों ने बाइक उसके आगे लगा दी और उतरने को कहा। बदमाशों ने उसे पैसा देने के लिए कहा। अंकित ने पैसा न होने की बात कही तो बदमाश हाथापाई करने लगे। अंकित ने भी विरोध करते हुए बदमाशों के साथ गुत्थमगुत्था की। इसी बीच एक बदमाश ने तमंचा निकालकर अंकित पर फायर झाेंक दिया। गोली अंकित के बाएं हाथ को छूते हुए दूसरी तरफ निकल गई।
विज्ञापन


तभी बदमाश लोगों के आने के डर से वहां से फरार हो गए। अंकित वाहन लेकर किसी तरह कुछ आगे पहुंचा। जहां से किसी के फोन से उसने अपने दोस्त और चाचा को घटना की जानकारी दी। साथ ही वह खुद प्रेमनगर थाने पहुंचा और अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। गोली मारकर लूट के प्रयास की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रेमनगर पुलिस ने अधिकारियों को सूचित करने के साथ ही सहसपुर पुलिस को भी अलर्ट किया। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

साथ ही घायल को पुलिस और परिजन नंदा की चौकी स्थित सुभारती हॉस्पिटल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया। फिर परिजन अंकित को लेकर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद एक्सरे आदि जांचें करने और भर्ती होने की सलाह दी। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि घटना को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

अंकित के पास थे डेढ़ लाख रुपये थे

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में उपचार करा रहे अंकित ने बताया कि वह दूध के पैकेट सप्लाई करने के बाद पैमेंट लेकर भी आ रहा था। धूलकोट के जंगल में बदमाशों से उसका सामना हुआ। उसके पास करीब एक लाख रुपये से अधिक कैश था। विरोध करने पर बदमाश कैश ले जाने में सफल नहीं हो पाए।

मोबाइल पहले ही खो गया था

अंकित ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक जूस वाला भी मौजूद था। बदमाशों के गोली चलाने से संभवत: वह दहशत में आ गया होगा। अंकित के अनुसार, मैं भी वहां से गोली लगने के बाद जान बचाने के लिए हड़बड़ाहट में अस्पताल जाने के लिए वहां से निकला। अंकित ने बताया कि दरअसल, उनका मोबाइल पहले ही खो गया था, इसलिए वह घटनास्थल से किसी को भी कॉल कर सूचना नहीं दे पाया। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया गया है। वहां पर एक जूस कार्नर वाला भी है। उससे भी घटना के बारे पूछताछ की गई है। विभिन्न तथ्य सामने आ रहे हैं। जिसका जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें