दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा जिले के संपर्क मार्गों पर संचालित डग्गामार वाहनों की धरपकड़ के लिए परिवहन विभाग ने बुधवार को भी अभियान चलाया। इस दौरान टीम में शामिल सदस्यों ने दो वॉल्वो समेत 10 वाहन सीज किए जबकि 50 वाहनों का चालान किया। कार्रवाई से वाहन संचालकों में अफरातफरी की स्थिति रही।
एआरटीओ प्रवर्तन की अगुवाई में विभागीय टीमों ने सुबह लाडपुर, राजपुर, आईएसबीटी, कारगी चौक व अजबपुर में अभियान चलाया। कार्रवाई से बचने को संचालकों ने अपनी वाल्वो बसों को सहस्त्रधारा रोड स्थित अंधेरे में जंगल में खड़ा किया हुआ था। लेकिन, जानकारी जुटाकर मौके पर पहुंची टीम ने दोनों वाल्वो को सीज कर दिया।
जबकि इससे पहले टीम ने कई ऐसी स्कूली बसों, कैब को भी पकड़ा जो नियमों को दरकिनार कर बच्चों को स्कूल से घर ले जा रहे थे। चालकों ने स्कूली बच्चों को घर छोड़ने का हवाला देकर चालान न करने की गुजारिश की। इस पर अधिकारियों ने सिपाहियों को बसों में बिठाकर पहले बच्चों को घर पहुंचाया, उसके बाद स्कूली वाहनों का चालान किया।
दूसरी ओर डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाए गए अभियान को लेकर वाहन संचालकों में अफरा तफरी का माहौल रहा। आलम यह रहा कि कई बस, टैक्सी, मैक्सी चालक सवारियों को बीच रास्ते में उतारकर भाग निकले। जिसकी वजह से सवारियाें को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में अभियान जारी रहेगा।