उत्तराखंड के शहीद सैनिकों के सम्मान में बनने वाले स्टेट वॉर मेमोरियल की 22 अगस्त को नींव रखी जाएगी।
प्रदेश सरकार के स्मारक निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं करवा पाने पर रक्षा मंत्रालय ने सेना की चीड़बाग स्थित भूमि पर निर्माण की अनुमति दे दी है।
भाजपा सांसद तरुण विजय की कोशिशों से रक्षा मंत्रालय ने न केवल भूमि के लिए स्वीकृति दी बल्कि खुद रक्षा मंत्री शौर्य स्थल का शिलान्यास करने देहरादून पहुंच रहे हैं। प्रदेश के 1478 शहीद सैनिकों के सम्मान के लिए वॉर मेमोरियल नहीं होने पर अमर उजाला ने स्मारक के निर्माण के लिए मुहिम चलाई थी।
भाजपा सांसद तरुण विजय ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि चीड़ बाग में वॉर मेमोरियल के निर्माण के लिए रक्षा मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि स्मारक का नाम शौर्य स्थल रखा जाएगा, जिसका शिलान्यास रक्षा मंत्री मनोहर परिकर करेंगे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री वीर नारियों का सम्मान भी करेंगे। इस दौरान महावीर चक्र विजेता जसवंत सिंह की माता को भी सम्मानित किया जाएगा। शौर्य स्थल में एक म्यूजियम और सभागार भी बनाया जाएगा, जिसमें राष्ट्र भक्ति की फिल्में दिखाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि शौर्य स्थल कैंट बोर्ड के अधीन रहेगा जिसका रखरखाव सेना करेगी। इसके निर्माण की लागत डेढ़ से दो करोड़ आएगी, जिसे वह सांसद निधि से देंगे। मेमोरियल के साथ एक शौर्य दीवार बनेगी जिसमें सभी शहीदों के नाम अंकित किए जाएंगे।