- हरबर्टपुर के हरिपुर क्षेत्र में कैनाल रोड की धंसी मिट्टी, बने होल, परेशान हो रहे राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। हरबर्टपुर के हरिपुर क्षेत्र में कैनाल रोड के नीचे की मिट्टी धंस जाने से सड़क के बीचों-बीच और किनारे पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे क्षेत्र में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घटने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, इस मामले में लोक निर्माण विभाग लापरवाह बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने रोड पर दौड़ने वाले वाहनों को सचेत करने के लिए सड़क के बीच बने होल में एक पेड़ का टहना लगा दिया है।
कैनाल रोड को विकासनगर के बाइपास मार्ग के रूप में उपयोग किया जाता है। सड़क से दिन व रात में बड़ी संख्या में ईंट व उप खनिज से लदे भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी अपने वाहनों से इसी मार्ग से विकासनगर व जीवनगढ़ आदि क्षेत्रों तक की आवाजाही करते हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से हरिपुर क्षेत्र में रोड के बीचोंबीच एक गहरा होल बन गया है और इसके ठीक सामने किनारे पर भी इसी प्रकार का दूसरा गड्ढे बना हुआ है।
स्थानीय निवासी सुरेश राठौर, विवेक सिंघल, सुरेंद्र कुमार आदि ने बताया गड्ढे देखने से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि सड़क की एक लेन के नीचे की मिट्टी धंस गई है और सिर्फ उपर सड़क की पेंटिंग रुकी हुई है। उन्होंने कहा यदि रात व दिन में कोई वाहन इसके उपर से गुजरेगा तो बड़ी दुर्घटना घट सकती है। लोनिवि के सहायक अभियंता हिमांशु नौटियाल ने बताया अवर अभियंता को मौके पर भेजकर शीघ्र समस्या का समाधान कराया जाएगा।