सीसीटीवी फुटेज ने बदली जांच की दिशा
घटना के बाद अर्श के शरीर पर चोटों के निशान मिलने और परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाए जाने के कारण पुलिस ने हत्या के एंगल से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अर्श के पिता नदीम अंसारी ने नौ नवंबर को थाना डालनवाला में शिकायत देकर बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि आठ नवंबर को दोस्त ने अर्श को नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर पर दिवाली मनाने के लिए बुलाया था।
रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद जब अर्श घर नहीं लौटा तो दोस्तों की ओर से बताया गया कि वह सुबह आ जाएगा। अगले दिन सुबह अर्श के दोस्त की मां ने फोन कर बताया कि अर्श मोर्चरी में है। पिता के मुताबिक, मोर्चरी पहुंचने पर बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए थे। इसी आधार पर उन्होंने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर घटना का दूसरा पहलू सामने आया। फुटेज में अर्श अपने साथियों के साथ कार से उतरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद विवाद और भगदड़ के बीच वह कार के पीछे की ओर पहुंचता है और बैक हो रही कार की चपेट में आ जाता है।
दोस्त की कार से ही हुआ हादसा, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, जांच में यह तथ्य सामने आया है कि कार चालक ने अचानक तेजी और लापरवाही से कार पीछे की ओर की थी। इसी दौरान अर्श कार के पिछले पहिये के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल होने के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम में शामिल युवकों की भूमिका, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और कार चालक की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि हादसा दोस्त की कार से ही हुआ है।