देहरादून जिले में सोमवार को 38 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें पर्यटन विकास विभाग के संयुक्त निदेशक भी शामिल हैं। उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव हैं और पहले से अस्पताल में भर्ती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि पर्यटन अधिकारी की पत्नी को रविवार को राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनके पति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वे पर्यटन विभाग के निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात हैं, उन्हें भी दून अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
संयुक्त निदेशक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पर्यटन महकमे में अफरातफरी का माहौल है। बताया जा रहा है कि दो महीने पहले वे बेटी को छोड़ने लखनऊ गए थे, लेकिन उसके बाद उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि पर्यटन निदेशालय में किसी बैठक में संक्रमित व्यक्ति के शामिल होने या बाजार में वे संक्रमण की चपेट में आए हैं।
वे द्रोण होटल के समीप स्थित पर्यटन विभाग के सरकारी क्वार्टर में परिवार समेत रहते हैं। उधर, एम्स में एक स्टाफ नर्स के अलावा 12 अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो मरीज निजी लैब में कराई गई जांच में संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, दून अस्पताल में भर्ती तीन लोगों में भी संक्रमण पाया गया है। एसीएमओ डॉ. उम्मेद सिंह चौहान और चिकित्सा अधिकारी डॉ. रचित गर्ग की टीम ने मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया है।