अगस्त्यमुनि ब्लाक के तल्लानागपुर पट्टी के चोपता-तड़ाग-उर्खोली मोटर मार्ग पर वाहन हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकाल उसे 108 से जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक और घायल रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं।
मंगलवार को तड़ाग गांव निवासी खजान लाल (37) पुत्र स्व. कुंदन लाल और महेश लाल (24) पुत्र राजू लाल दोपहर को आल्टो वाहन से करीब डेढ़ किमी दूर अपने सगे संबंधियों के घर गए थे। शाम 5.30 बजे वापसी में कोल्लू बैंड पर अनियंत्रित होकर वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
जहां पुलिस में तैनात खजान लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सेना में कार्यरत महेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा घायल को सड़क में लाया गया। इसके बाद उसे 108 से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती किया गया है।
जिला पंचायत सदस्य योगम्बर नेगी ने बताया कि मृतक 15 दिन पूर्व अपने पिता के निधन पर परिवार सहित घर आया था। बताया यह हादसा भी उसी स्थान पर हुआ है, जहां पर बीते 29 अप्रैल को उर्खोली जा रही एक बारात की मैक्स दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 4 महिलाओं सहित 8 लोगों की मौत हो गई थी।
जिला पंचायत सदस्य ने हादसों के लिए पीएमजीएसवाई द्वारा घटिया निर्माण होना बताया है। उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।