उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। वित्त विभाग ने सोमवार को राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में छह प्रतिशत बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया। इससे कर्मचारियों को 500 से लेकर छह हजार रुपये का फायदा होने की उम्मीद है।
हालांकि करीब 40 हजार निगम कर्मचारियों की मांग अभी पूरी नहीं हो पाई है। इनके लिए महंगाई भत्ते का आदेश अभी औद्योगिक विकास विभाग से जारी होना बाकी है। इसके अलावा पेंशनर्स का डीए भी छह प्रतिशत बढ़ाया गया है। इससे प्रदेश सरकार पर करीब 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आने का अनुमान है।
केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले ही केंद्रीय कर्मचारियों के लिए छह प्रतिशत डीए घोषित किया था। इसके साथ ही प्रदेश में भी यह मांग जोर पकड़ने लगी थी। सोमवार को वित्त विभाग ने डीए का आदेश जारी कर दिया।
113 प्रतिशत मिलेगा डीए
आदेश के मुताबिक छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे राज्य कर्मचारियों को छह प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ जनवरी 2015 से 113 प्रतिशत डीए मिलेगा। शासन ने एरियर को जीपीएफ में रखा है और जून माह से नगद भुगतान की व्यवस्था की है। छठे वेतनमान से बाहर कर्मचारियों के डीए में 11 प्रतिशत डीए की बढ़ोतरी की गई है।