भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूड़की के प्रोफेसर सुदीप्ता सरकार और संस्थान में विकसित स्टार्टअप 'लॉग 9 मटीरियल्स' को अपने-अपने क्षेत्रों में 'डेयर टू ड्रीम 2.0 इनोवेशन कॉन्टेस्ट’ में विजेता घोषित किया गया है।
इसका आयोजन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में नवीन विचारों और प्रौद्योगिकियों की पहचान और प्रोत्साहन के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वप्न 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को साकार करने के लिए किया था।
पर्यावरण इंजीनियरिंग विशेषज्ञ प्रोफेसर सुदीप्ता सरकार को 'इको-फ्रेंडली एक्सप्लोसिव वेस्ट मैनेजमेंट' में प्रस्तुत 'हाइब्रिड अनएरोबिक रिएक्टर एंड माइक्रोबियल फ्यूल सेल फॉर एन्हांस्ड बायोडिग्रेडेशन एंड एनर्जी हार्वेस्टिंग फ्रॉम वेस्टवाटर कंटेनिंग टीएनटी-एचएनएमएफसी' नामक प्रविष्टि के लिए विजेता घोषित किया गया।
लॉग 9 मैटेरियल्स साइंस प्राइवेट लिमिटेड ने 'डेयर 2 ड्रीम 2.0' नवाचार प्रतियोगिता में आग से बचाने वाली सामग्री और प्रोद्यौगिकी विकसित करने के लिए द्वितीय पुरस्कार जीता।
आईआईटी रूडकी के निदेशक प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने खुशी जाहिर करते हुए प्रो. सुदीप्ता सरकार और लॉग9 टीम की इस उपलब्धि को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता स्पष्ट रूप से आईआईटी रुड़की द्वारा उत्कृष्टता की खोज को दर्शाती है। प्रोफेसर सरकार ने कहा, मैं प्रतियोगिता में विजेता घोषित होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं अपने काम के माध्यम से संस्था और अपने राष्ट्र की सेवा करने का प्रयास करता रहूंगा।
आईआईटी रुड़की में दो नए पाठ्यक्रम शुरू
आईआईटी रुड़की ने हाल ही में स्थापित सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस (सीएआईडीएस) में दो नए एमटेक कोर्स शुरू किया है। सीएआईडीएस का प्रमुख उद्देश्य विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देना है ताकि राष्ट्रीय न अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में तकनीकी सहायता प्रदान की जा सके। इस सेंटर को और प्रभावी बनाने के लिए सत्र 2021-2022 से दो नए एमटेक कोर्स शुरू किए गए हैं।
इनमें एक कार्यक्रम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में एमटेक और दूसरा कार्यक्रम डेटा साइंस (डीएस) में एमटेक शामिल है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए बीई/बीटेक/ इंटीग्रेटेड एमएससी या किसी भी इंजीनियरिंग विज्ञान विषय में समकक्ष डिग्री होनी अनिवार्य है। आवेदकों के पास 6.0 का सीजीपीए भी होना चाहिए। शॉर्ट लिस्ट किए गए उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर होगा। संस्थान निदेशक प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि एआई और डीएस जनशक्ति विकास, अनुसंधान और इनोवेशन को बढ़ावा देकर उद्यमिता के लिए नए अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।