नगर निगम के जेई, सफाई निरीक्षक और सफाई नायक अब सड़कों की मरम्मत और नालियों की सफाई की रोजाना रिपोर्ट देंगे। मंगलवार को मोथरोवाला क्षेत्र का जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव व एमडीडीए उपाध्यक्ष रणवीर चौहान के साथ निरीक्षण करने के बाद नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने इसके निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी जोनल अफसर भी रोजाना दो घंटे फील्ड में रहेंगे और जलभराव समेत अन्य समस्याओं व शिकायतों का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासी एमएस परसोला ने आपदा कंट्रोल रूम में कई बार संपर्क करने के बावजूद फोन न उठाए जाने की शिकायत की थी। विनय शंकर पांडेय ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि जिस नंबर पर उन्होंने संपर्क किया वो पिछले साल जारी किया गया था। उसके बाद दूसरा नंबर जारी किया गया, जो अभी चल रहा है। उन्होंने रिस्पना और बिंदाल से सटे इलाकों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोनल अधिकारियों को सड़कों के गड्ढे भरने और चोक नालियों की सफाई कराने व पानी की निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजाना शाम चार बजे तक फोटोग्राफ के साथ इसकी रिपोर्ट भेजी जाए। इस दौरान एमडीडीए सचिव हरवीर सिंह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, ईई नगर निगम अनुपम भटनागर, सफाई निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान मौजूद रहे।