मां डाट वाली (घाटेवाली) मनोकामना सिद्धपीठ के 214वें वार्षिकोत्सव पर शनिवार को भव्य जागरण का आयोजन किया गया। डाट काली, भद्र काली और हनुमान मंदिर तीनों जगह एक साथ जागरण शुरू हुआ।
इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु एक तू ही सच्ची सरकार मां डाट वाली... जैसे माता के भजनों पर देर रात तक झूमते रहे। आज भंडारे के साथ डाट वाली मंदिर का सप्ताह व्यापी वार्षिकोत्सव संपन्न हो जाएगा।
शनिवार सुबह मंदिर में महंत रमन प्रसाद गोस्वामी ने विशेष पूजा-अर्चना करवाई। रात नौ बजे तीनों मंदिरों में ज्योति प्रज्ज्वलित हुई। डाट वाली मंदिर में दिल्ली से आए प्रसिद्ध गायक हरबंस लाल बंसी ने भजनों की शुरुआत की। उन्होंने एक तू सच्ची सरकार मां डाट वाली, सारे तीर्थ धाम आपके चरणों में, लगिया ने मौजा लगाई रखी दातिए, निम्मी-निम्मी तारियां दी लो... भजनों पर श्रद्धालुओं को झूमाया।
रात एक बजे तक बंसी के भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। इसके बाद चंडीगढ़ वाले बलबीर मस्त एंड पार्टी ने सुबह तक महामाई का गुणगान किया। भद्र काली मंदिर में अशोक एंड पार्टी ने भजनों की शुरुआत की। रात्रि एक बजे से रोपड़ वाले दीपक मान एंड पार्टी ने भजन प्रस्तुत किए। हनुमान मंदिर में कृष्णा जागरण पार्टी ने भजन गाए।
रात एक बजे से राहुल राणा एंड पार्टी ने सुबह तक भजन गाए। सभी जगह श्रद्धालु महामाई के भजनों पर झूम रहे थे। वहीं, सुबह से रात तक यहां कढ़ी-चावल, पुलाव, खीर, पुड़ी आदि के भंडारे चलते रहे। सेवादार गौरव कुमार ने बताया कि जागरण से पहले गाड़ियों के लिए रास्ता बंद कर दिया गया था।
हालांकि, आठ बजे तक दुपहिया वाहनों को रास्ता दिया गया। साढ़े आठ बजे से रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। सहारनपुर और दून पुलिस प्रशासन ने पूरा सहयोग किया। कार्यक्रम में दिनेश अग्रवाल, हरीश मारवाह, नृसिंह दास, अमित कंडवाल, शिवम गोयल, मनोज वोहरा, रोहित वेदी, पवन सैनी आदि ने विशेष सहयोग किया।