जियो फाइबर का रिचार्ज सफल नहीं हुआ तो सहस्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह ने गूगल पर जियो कस्टमर केयर का नंबर खोजा। नंबर तो मिला लेकिन यह ठगों का निकला। इस पर बात हुई तो ठगों ने उनके खाते से तीन बार में अलग-अलग खातों से 2.87 लाख रुपये निकाल लिए।
विक्रम सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने जियो फाइबर कनेक्शन के लिए 899 रुपये का रिचार्ज किया था, लेकिन रिचार्ज सफल नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने गूगल पर जियो कस्टमर केयर का नंबर तलाश कर संपर्क किया। कथित कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा।
पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया तो कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खातों से रकम निकलने के संदेश आने लगे। तीन अलग-अलग बैंक खातों से 95-95 हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। इस तरह कुल 2.87 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। पीड़ित ने घटना के बाद साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड राजनीति: गोदियाल खाएं हरक सिंह रावत के चरित्रवान होने की कसम, भाजपा विधायक दिलीप रावत की चुनौती
साइबर ठगों ने व्यक्ति से 2.22 लाख रुपये ठगे
पटेलनगर क्षेत्र के बंजारावाला निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके खाते से 2.22 लाख रुपये निकाल लिए। एसएचओ पटेलनगर नरेश सिंह राठौर ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत में बताया है कि सात नवंबर को उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई। साइबर वित्तीय हेल्पलाइन में की गई की गई शिकायत को थाने में दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर और बैंक खातों के आधार पर मामले में जंच की जा रही है।