कार गैराज के मालिक ने अपने मैकेनिक से किरायेदारी के विवाद में ग्राहक की कार बंद कर लीं। यही नहीं उनके दिए चार लाख रुपये भी नहीं लौटाए।
उन्होंने रकम मांगी तो बताया गया कि जब तक मैकेनिक उनके गैराज का किराया नहीं देता तब तक वह न तो कार देगा और न ही चार लाख रुपये। अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मैकेनिक और कार गैराज मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गढ़ी कैंट निवासी प्रशांत सिंह बिष्ट ने राजपुर पुलिस से शिकायत की है। बिष्ट ने बताया कि उन्होंने अपनी चार कारें हेलीपैड के पास स्थित वन प्लस सेवन आर गैराज में रिपेयरिंग के लिए दी थीं। रिपेयरिंग के लिए उन्होंने चार लाख रुपये भी दिए। उनका सौदा वसीम नाम के मैकेनिक से हुआ था।
काफी समय होने के बाद भी जब कार नहीं ठीक की गईं तो उन्होंने वसीम से पूछा। वसीम इधर-उधर की बातें करने लगा। इस पर कार गैराज के मालिक संदीप पंवार से बात की गई। पंवार ने बिष्ट को बताया कि उन्होंने वसीम को गैराज से निकाल दिया है। इस पर बिष्ट ने अपनी कार और पैसे मांगे तो कहने लगा कि जब तक वसीम किराया नहीं देगा, तब तक व न तो कार देंगे और न ही उनके चार लाख रुपये।
बिष्ट का कहना है कि उनकी कारों से कुछ सामान भी निकाल लिया गया है। बार-बार कहने पर भी उनकी कारों की चाभी उन्हें नहीं दी जा रही है। एसओ राजपुर शैंकी कुमार ने बताया कि बिष्ट की शिकायत पर संदीप पंवार और वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।