व्हाइटहाल स्कूल लामाचौड़ में पहली पाली में 5 मिनट देरी से आए 20 से 25 अभ्यर्थियों को परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया। सेक्रेड हार्ट स्कूल में भी 15 मिनट देरी आई महिला अभ्यर्थी को बैरंग लौटा दिया गया।
कुछ ऐसा ही नजारा शहर के दूसरे केंद्रों में भी नजर आया। वहीं, परीक्षा छूटने के बाद बस अड्डे पर यात्रियों का हजूम उमड़ पड़ा। ऐसे में बसों में सीटों के लिए मारामारी जैसी स्थिति रही। काफी इंतजार करने के बाद यात्रियों को बस मिली।
21,237 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
23 सेंटरों पर दो पालियों में आयोजित सीटीईटी परीक्षा में 24 हजार 512 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 21 हजार 237 ने परीक्षा दी। इसमें 3275 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, सीबीएसई की नगर समन्वयक की ओर से शनिवार को सीटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 16 हजार 447 बताई गई थी। लेकिन रविवार को दोनों पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 24 हजार 512 हो गई।
जिन महिलाओं ने गले में बड़े आकार के लाकेट पहने हुए थे, उन्हें ही उतारने को कहा गया। बड़े लाकेट में इलेक्ट्रानिक डिवॉइस के अंदेशा रहता है। ऐसे में पारदर्शिता के मद्देनजर एहतियातन उतरवाया गया।
- मंजू जोशी, सीबीएसई नगर समन्वयक
पेपर देने से पहले एवीएम पब्लिक स्कूल के इंट्री गेट पर जेवर उतारने को कहा गया। इस नियम की कोई जानकारी पहले उम्मीदवारों को नहीं दी गई थी। कीमती आभूषणों को लावारिस हालत में छोड़ने को मजबूर होना पड़ा। नियम है इसकी जानकारी पहले से देनी चाहिए थी। पहली पाली में 15 मिनट देरी से पेपर बांटा गया। और ठीक 12 बजे पेपर देने से रोक दिया गया।
- प्रिया सिंह निवासी काशीपुर
पहली बार सीटीईटी की परीक्षा दी है। बाल विकास शिक्षाशास्त्र और सामाजिक अध्ययन का पेपर बहुत सरल था। उम्मीद है कि सफलता मिल जाएगी।
- नेहा यादव रानीखेत
आज तीसरी बार सीटीईटी की परीक्षा दी है। पहली बार इतना सरल पेपर आया है। गणित और विज्ञान के प्रश्नों को सुलझाने में देर नहीं लगी।
- नीलम शाही पंतनगर
सीटीईटी के लिहाज से यह अनुमान लगाया था कि पेपर कठिन आएगा लेकिन पेपर बहुत सरल आया था। गणित और विज्ञान के प्रश्न बेहद आसान थे।
- अमित उप्रेती पिथौरागढ़
पहली बार सीटेट की परीक्षा दी है। सामाजिक अध्ययन और बाल विकास शिक्षाशास्त्र का प्रश्न पत्र सरल आया था।
- अयूब अली रामनगर