क्यारी रोड के जंगल में शनिवार सुबह महिला का जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की हत्या की गई है और हत्यारों ने सारे सुबूत मिटाने के लिए उसे हाथ-पैर लोहे की तार से बांधकर उसे टायरों के ऊपर रख दिया।
दिल दहला देने वाला इस हत्याकांड से पुलिस भी हिली है। क्योंकि एक तरफ रामनगर में सांप्रदायिक तनाव चल रहा है और दूसरी तरफ इसी तनाव के बीच यह मर्डर सामने आया है।
ग्रामीणों ने देखा था धुआं
अगर पुलिस की मानें तो ग्रामीणों से हुई पूछताछ के आधार पर महिला को बीते शुक्रवार को जलाया गया क्योंकि घटनास्थल से कुछ लोगों ने शुक्रवार शाम धुंआ उठते देखा था।
शहर से चार किलोमीटर दूर क्यारी रोड में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के देचोरी रेंज अंतर्गत सूखास्त्रोत के पास यह शव मिला। महिला की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है।
टायरों के ऊपर
पुलिस ने प्रथमदृष्टया माना है कि किसी ने महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के मकसद से उसका शव यहां लाकर जलाया होगा। एसएसआई केआर पांडे ने बताया कि महिला का शरीर बुरी तरह जल चुका था।
हत्यारे ने उसके दोनों हाथ और पांव लोहे के तार से बांध रखे थे ताकि वह छटपटा भी न सके। महिला को टायरों के ऊपर रखकर आग लगाई गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महिला की पहचान नहीं हुई
एसएसआई केआर पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि महिला कौन थी और कहां की रहने वाली थी। रामनगर में महिला की हत्या का दो माह के भीतर यह दूसरा मामला है।
इससे पूर्व दाबकर नदी के किनारे एक युवती की लाश मिली थी, जिसका चेहरा तेजाब से जला दिया गया था।
हालांकि पुलिस ने उस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा भी कर दिया है, लेकिन उसी की तरह अब यह नया हत्याकांड एक बार फिर चुनौती के रूप में आया है। क्योंकि मौके से एक भी सुबूत नहीं मिला है। हत्यारे ने बड़ी ही सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया है।