पौड़ी जिले के कल्जीखाल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जैंतोली गांव में एक महिला ने सोमवार देर शाम पति से विवाद होने पर खुद को आग लगा दी। उसे बचाने के प्रयास में पति भी झुलस गया। ग्रामीणों ने दोनों को कोटद्वार अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर ले जाते समय बुरी तरह झुलसी महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। महिला के पति की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
नायब तहसीलदार एसएस नेगी ने बताया कि सोमवार देर शाम खाना बनाते वक्त जैंतोली गांव निवासी हेमंत सिंह रौथाण (32) और उसकी पत्नी वंदना (27) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद जब हेमंत कमरे से बाहर निकला तो वंदना ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकालकर खुद को आग लगा ली।