देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, तेंदुए की खाल का सौदा करके तस्कर डिलीवरी करने जा रहा था। तभी पुलिस टीम ने रेड मारकर उसे दबोच लिया। तस्कर ने कई राज उगले हैं।
थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने एक वन्य जीव तस्कर को गिरफ्तार कर उससे तेंदुए की खाल बरामद की है। बरामद खाल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच लाख बताई जा रही है। तस्कर खाल को एक नेपाली को बेचने आ रहा था। तस्कर से वन विभाग की टीम ने भी पूछताछ की है। तस्कर से कई अहम जानकारियां जुटाई गई हैं।
एसपी सिटी प्रदीप राय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि राजाजी नेशनल पार्क एवं स्थानीय जंगलों में वन्य जीव जंतुओं के शिकार की घटनाएं बढ़ी हैं। एसएसपी के निर्देश पर वन्य जीव तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। थानाध्यक्ष क्लेमेंटटाउन दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में रविवार को एक टीम आशारोड़ी, दूधली, मोथरोवाला एवं आसपास के जंगलों में रहने वाले गुजरों से वन तस्करों की जानकारी जुटा रही थी।
सोमवार दोपहर मुखबिर की सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोथरोवाला नौका पुल के पास तेंदुए की खाल बेचने आ रहा है। थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी और उनकी टीम ने नौका पुल से पहले ही बड़कली रोड पर दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वन्य जीव तस्कर को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास तेंदुए की एक खाल बरामद हुई।
खाल लंबाई सिर से पूंछ तक 82 इंच, पिछले दोनों पैरों की चौड़ाई 52 इंच, आगे के पैरों की चौड़ाई 47 इंच है। पूंछ और पिछले हिस्से में घाव के निशान हैं। एसपी सिटी के मुताबिक तस्कर का नाम इब्राहिम उर्फ मिट्टी निवासी 299 आशारोडी और हाल पता गूजर डेरा मोथरोवाला नेहरू कालोनी देहरादून है।
एसपी सिटी के मुताबिक तस्कर बेहद शातिर है। हर बार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा है। पुलिस के साथ राजाजी नेशनल पार्क रामगढ़ रेंज के अधिकारी अरुण कुमार, वन दरोगा दिनकर कुमार, दाताराम ने भी पूछताछ की है। तस्कर इब्राहिम ने बताया कि उसने ही जंगल में तेंदुए का शिकार किया था। खाल सुखाने के लिए छिपाई थी। एक नेपाली से पांच लाख में सौदा होने के बाद उसे बेचने ला रहा था।