दिल्ली में पकड़े गए सीरियल रेपिस्ट की तलाश उत्तराखंड पुलिस को भी थी। मासूम बच्चियों से दरिंदगी करने वाले आरोपी युवक ने रुद्रपुर में भी अपने गलत मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश की थी।
दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी युवक द्वारा वर्ष 2016 में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में अटरिया पुलिस के पास से एक नाबालिग को अगवा करने का प्रयास किया था, जिसके चलते ट्रांजिट कैंप पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़ा गया सीरियल रेपिस्ट सुनील रस्तोगी मूल रूप से मोहल्ला करमचा थाना मिलक जिला रामपुर का रहने वाला है और कुछ समय से शारदा कॉलोनी बिलासपुर में रह रहा था।
जमानत पर रिहा हुआ और शहर छोड़कर चला गया था
सीरियल रेपिस्ट
- फोटो : अमर उजाला
10 फरवरी 2016 को अटरिया पुल के पास सुनील ने स्कूल जा रही एक नाबालिग बच्ची को बहला फुसलाकर अगवा करने का प्रयास किया था। वह अपने मंसूबों में कामयाब होता इससे पहले ही क्षेत्रवासियों ने उसे पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी को अपने हिरासत में लिया तो उसने बताया कि वह कुछ समय से ट्रांजिट कैंप में रहकर मजदूरी कर रहा था। नाबालिग के पिता की तहरीर और मौके पर मौजूद लोगों की गवाही के आधार पर पुलिस ने सुनील के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया था।
करीब छह महीने जेल में रहने के बाद आरोपी जमानत पर रिहा हुआ और शहर छोड़कर चला गया। सुशील कुमार के अनुसार आरोपी करीब दो माह से कोर्ट में भी पेश नहीं हो रहा था। अब आरोपी के खिलाफ कोर्ट से वारंट लेने की तैयारी की जा रही है।