रुद्रपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। रुद्रपुर निवासी एक महिला ने दो युवकों पर उसके साथ दुराचार और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कार्रवाई नहीं कर रही पुलिस
महिला का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी गई। कहा कि मामले की तहरीर पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
महिला ने बताया कि बीते 13 जनवरी की रात वह अपने घर में थी। इसी बीच, खेड़ा कॉलोनी निवासी दो युवक जो कि रिश्ते में मामा-भांजे लगते हैं, उसके घर आए। इस दौरान उन्होंने उसके पति को शराब पिलाकर नशे में धुत कर दिया। इसके बाद उन्होंने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर दोनों ने उससे गालीगलौज करते हुए मारपीट भी की। जिससे वह चोटिल हो गई। आरोप लगाया कि इस दौरान दोनों ने उससे दुराचार किया।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख दोनों आरोपी पुलिस से शिकायत करने पर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इस तरह की कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।