हरिद्वार में ज्वालापुर के कड़च्छ मोहल्ले (शास्त्रीनगर) में शनिवार देर रात को एक युवक ने तीन युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से वार से घायल हुए युवकों में से दो की मौत हो गई। जबकि एक युवक को बंगाली अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार कड़च्छ मोहल्ला निवासी पंकज (20) पुत्र नरतू, कार्तिक (20) और बंटी उर्फ रोहित (24) पुत्र नरेश शनिवार रात को करीब साढ़े दस बजे रेलवे फाटक से सड़क की तरफ जा रहे थे।
शास्त्रीनगर के पास गली में खड़े एक युवक ने इन तीनों पर चाकू से हमला बोल दिया। बंटी को चाकू लगने के बाद भी वह भागने में सफल रहा। उसने वापस आकर लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर लहूलुहान पड़े पंकज और कार्तिक को अस्पताल पहुंचाया।